कुल्लू में रूटों पर आधे रास्ते तक जा रहीं बसें, मंडी से चली रही लंबी दूरी की सेवाएं
पठानकोट के लिए पालमपुर से चल रही बस, लाेगों को झेलनी पड़ रही हैं दिक्कतें
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले में भारी बारिश के बाद भूस्खलन और सड़कें धंसने से 25 से अधिक लोकल रूटों पर परिवहन निगम की बस सेवाएं ठप हैं। कुछ बसें आधे रास्ते तक ही चल रही हैं जिससे स्थानीय लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
लंबे रूटों की बसें मंडी और पालमपुर से संचालित की जा रही हैं।
गौर रहे कि जिले में गत तीन से चार दिन पहले हुई भारी बारिश से सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। ऐसे में भूस्खलन और सड़कों के धंसने से बस संचालन को जारी रखना परिवहन निगम के लिए समस्या बन गया है। हालांकि लंबे रूटों मनाली से दिल्ली, चंडीगढ़, पटियाला, शिमला के लिए मंडी से बसें भेजी जा रहीं है। इसी प्रकार पठानकोट के लिए बस पालमपुर से संचालित की जा रही है।
लोकल रूटों पर भी करीब 25 से अधिक ऐसे एकतरफा रूट हैं जिनमें बसें निर्धारित गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रही हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उधर, निगम के उपमंडलीय प्रबंधक डीके नारंग ने कहा कि भूस्खलन और सड़कों के धंसने के कारण कई बसों का संचालन करना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि जहां तक संभव है, यात्रियों की सुविधा के लिए बसों को भेजा जा रहा है।