ट्रैफिक नियमों को ठेंगा दिखा कर सड़क के बीचोंबीच कई सरकारी वाहन पार्क किए जाते हैं। इन वाहनों पर पुलिस की नजर नहीं पड़ती है। वीरवार को लोनिवि और बिजली कार्यालय के पास सरकारी वाहन सड़क के बीचोंबीच खड़ा कर चालक गायब हो गया। इससे आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
ढालपुर और अस्पताल क्षेत्र में बेतरतीब खड़े वाहनों के चालान काटने में पुलिस देरी नहीं लगाती, लेकिन यह सरकारी वाहन कई घंटों तक सड़क के बीच खड़े रहे। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी लोग सवाल उठा रहे हैं। चालक ने तर्क दिया कि पार्क करने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिलने से उसे मजबूरन वाहन को सड़क के बीचोंबीच खड़ा करना पड़ा।
उधर, एएसपी कुल्लू निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि यातायात नियमों को ठेंगा दिखाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि ट्रैफिक पुलिस को मिनी सचिवालय से गुजरने वाली सड़क पर बेतरतीब ढंग से पार्क होने वाले वाहनों के चालान काटने के निर्देश दिए जाएंगे।