न्यूली (कुल्लू)। सैंज घाटी की देहुरीधार पंचायत के आठ गांवों के लोग पानी की समस्या का सामना कर रहे हैं। क्षेत्र में विभाग ने पानी की समस्या को दूर करने के लिए 40,000 लीटर की क्षमता का एक टैंक भी तैयार किया है बावजूद समस्या का हल नहीं हो पाया है। लोगों का कहना है कि उन्हें उम्मीद थी कि क्षेत्र में पानी का टैंक बनने के बाद पेयजल किल्लत दूर होगी लेकिन विभाग इस टैंक में पानी का स्टोर नहीं कर पाया है।
लोगों का कहना है कि पंचायत के तलियाहरा, जलौहरा, दुधा, चाहिड़ी, तुंग, बागा, जाखली, दाला आदि गांवों के लोगों को काफी दिक्कत हो रही है। कई गांव तो ऐसे हैं जहां पानी कम मात्रा में आ रहा है। इस समस्या को दूर करने के लिए फेब्रिकेटिड टैंक का निर्माण किया गया था, लेकिन इसे तैयार हुए एक साल हो चुका है। विभाग ने इसमें अभी तक पानी नहीं डाला है। इस कारण लोगों की समस्या दूर नहीं हो पाई। इस टैंक में पहले पानी स्टोर किया जाना था और उसके बाद सभी क्षेत्र को बराबर पानी वितरित किया जाना था।
स्थानीय निवासी गिरधारी लाल, नारायण सिंह, चुन्नी लाल, कालू राम, ऐशु, विजू, अच्छर सिंह, लाल चंद आदि का कहना है कि इस बारे में विभाग से आग्रह किया लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही है। कहा कि पेयजल योजना काफी पुरानी है लेकिन गांवों में पानी पर्याप्त मात्रा में नहीं आ रहा है। उन्होंने विभाग से आग्रह किया है कि इस टैंक में जल्द ही पानी भरा जाए और क्षेत्र में पानी की समस्या दूर की जाए। उधर, जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता लारजी गौरव शर्मा का कहना है कि विभाग जल्द ही टैंक में पानी भरेगा और इसका वितरण किया जाएगा।
000