सिस्सू/उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। भाजपा के प्रदेश महामंत्री और राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार लाहौल प्रवास पर हैं। पूर्व विधायक रवि ठाकुर ने कार्यकर्ताओं के साथ अटल टनल नॉर्थ पोर्टल पर शनिवार को उनका स्वागत किया। तिंदी प्रवास के दौरान सांसद के शूलिंग गांव पहुंचने पर रवि ठाकुर ने उन्हें सांसद निधि से निर्मित सामुदायिक भवन के बारे में जानकारी दी। वहीं, सांसद ने भी भवन का निरीक्षण किया।
पूर्व विधायक रवि ठाकुर ने बताया कि भवन के निर्माण के लिए डॉ. सिकंदर कुमार ने सांसद निधि से राशि उपलब्ध करवाई थी। सामुदायिक भवन के निर्माण में सहयोग के लिए उन्होंने सांसद का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सांसद निधि से किए गए इस तरह के विकास कार्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय लोगों के लिए उपयोगी साबित होते हैं और सामुदायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।