कुल्लू के जरड़ डाइट सेंटर में मागों को लेकर धरने पर बैठे प्रशिक्षू।
कुल्लू। जिला कुल्लू में डीएलएड प्रशिक्षुओं ने अपने हक के लिए शुक्रवार को भी कक्षाओं का बहिष्कार किया। डाइट परिसर में सरकार और विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। डाइट परिसर प्रशिक्षुओं के वी वांट जस्टिस के नारों से गूंजता रहा। प्रशिक्षुओं ने कहा कि सरकार दोहरी नीति अपना रही है, जिसके कारण उनका हक छीना जा रहा है। कहा कि जेबीटी में बीएड डिग्री धारकों को शामिल करना न्याय संगत नहीं है।
डीएलएड प्रशिक्षुओं ने कहा कि जेबीटी बनाम बीएड मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है, लेकिन सरकार फैसले से पहले ही बीएड को जेबीटी में शामिल कर रही है। इसमें टेट को भी शामिल नहीं किया जा रहा है। जेबीटी के नियमों के अनुसार जेबीटी टेट पास होना जरूरी है, लेकिन नियमों को ताक पर रखकर बीएड डिग्री धारकों को भर्ती किया जा रहा है।
कहा कि जेबीटी प्रशिक्षुओंं ने मांग की है कि जब तक सुप्रीम कोर्ट का फैसला नहीं आता, तब तक बीएड डिग्री धारकों को जेबीटी की जगह भर्ती न किया जाए। जेबीटी/डीएलएड प्रशिक्षित बेरोजगार संघ की प्रदेश उपाध्यक्ष और प्रशिक्षु गीतानंद, हर्षद आदि ने कहा कि सरकार और शिक्षा विभाग डीएलएड प्रशिक्षुओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। कहा कि न्याय के लिए प्रदर्शन जारी रहेगा। संवाद