प्रतिनियुक्ति पर चलने वाले स्कूलों को दी प्राथमिकता
एक सप्ताह के भीतर स्कूल में देनी होंगी ज्वाइनिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले के प्राइमरी स्कूलों को 69 जेबीटी शिक्षक मिले हैं। बिना शिक्षकों वाले स्कूलों में इनकी तैनाती होने से विद्यार्थियों और अभिभावकों को राहत मिली है। जिले में कई ऐसे स्कूल हैं जो प्रतिनियुक्ति के सहारे चले रहे थे। इनमें शिक्षकों की तैनाती के आदेश विभाग ने जारी कर दिए हैं। एक सप्ताह के भीतर उनको स्कूलों में अपनी ज्वाइनिंग देनी होगी। वर्तमान में जिले के 751 प्राइमरी स्कूलों में 323 शिक्षकों की कमी चल रही है। हालांकि, 69 शिक्षकों की तैनाती से प्रारंभिक शिक्षा विभाग को बड़ी राहत नहीं मिली है लेकिन बिना अध्यापकों के सहारे चल रहे स्कूलों को कुछ राहत जरूर मिली है। शिक्षा विभाग की ओर से जेबीटी बैचवाइज भर्ती से दुर्गम क्षेत्रों के प्राइमरी स्कूलों को सुविधा मिलेगी। सरकार की ओर से शिक्षकों की भर्ती से अभिभावकों ने भी खुशी जाहिर की है। अभिभावक गोविंद सिंह, कुमार सिंह, निक्का राम और प्रकाश चंद ने कहा कि ग्रामीण इलाकों के स्कूलों में शिक्षकों के बिना पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को और अध्यापकों की तैनाती करनी चाहिए। कुल्लू में 69 जेबीटी मिलने से कुछ राहत जरूरत मिली है। कहा कि अभी जिले में 254 शिक्षकों की कमी है। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि हाल ही शिक्षा विभाग की ओर से की गई जेबीटी भर्ती में कुल्लू को 69 शिक्षक मिले हैं। उन्होंने कहा कि इन शिक्षकों को एक सप्ताह के अंदर स्कूल में ज्वाइनिंग देनी होगी।