27 से 29 जून तक लाहौल-स्पीति दौरे पर रहेंगे केंद्रीय मंत्री किरन रिजिजू
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। भारत सरकार के संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरन रिजिजू के लाहौल-स्पीति के दौरे को लेकर उपायुक्त किरण भड़ाना ने बैठक की। 27 से 29 जून तक के प्रस्तावित दौरे को लेकर उन्होंने अधिकारियों से चर्चा की।
उन्होंने बताया कि मंत्री 28 जून को प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत उपमंडल काजा में उच्च हिमालयी खेल प्रशिक्षण केंद्र, आइस हॉकी रिंक, पवेलियन तथा खेल प्रशिक्षण केंद्र का क्रिकेट मैदान काजा में आधारशिला रखेंगे। 29 जून को जिला मुख्यालय केलांग शहर के लिए सीवरेज योजना की आधारशिला रखेंगे। बैठक में जिला मुख्यालय में स्थित समस्त विभागों के प्रमुख अधिकारियों ने भाग लिया।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी अपने-अपने विभागों से संबंधित सभी तैयारियां समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पूरा करें, जिससे मंत्री के दौरे के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था और असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि यह दौरा जिले के विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, ठहराव, स्थल निरीक्षण, स्वागत कार्यक्रम तथा अन्य प्रशासनिक पहलुओं पर चर्चा की गई।
बैठक में उपमंडल अधिकारी उदयपुर अलिशा चौहान, उप पुलिस अधीक्षक रश्मि शर्मा, खंड विकास अधिकारी विवेक गुलेरिया, जिला कल्याण अधिकारी खुशविंद्र सिंह सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।