मनाली। नगर परिषद मनाली की अध्यक्ष चंद्रा पधान ने मंगलवार को मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद कंगना रणौत से मुलाकात की। इस दौरान मनाली शहर और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े विकास कार्यों, पर्यटन सुविधाओं और स्थानीय समस्याओं पर चर्चा हुई।
चंद्रा पधान ने सांसद को मनाली में चल रहे और लंबित विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने पर्यटन क्षेत्र की जरूरतों के साथ सड़क, जल निकासी, पार्किंग, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार के स्तर पर सहयोग की आवश्यकता जताई। उन्होंने मनाली की लंबित विकास संबंधी मांगों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित मंचों पर उठाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मनाली देश-विदेश के पर्यटकों के लिए प्रमुख पर्यटन स्थल है। ऐसे में पर्यटन सुविधाओं के साथ शहर की बुनियादी व्यवस्थाओं को मजबूत करना जरूरी है। सांसद कंगना रणौत ने क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। संवाद