सदन में गूंजा अमर उजाला, विधायक बोले- मलबा तक नहीं उठाया जा रहा
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। धर्मशाला में चल रहे विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान अमर उजाला खूब गूंजा। बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी ने अमर उजाला में प्रकाशित खबर को दिखाते हुए कहा कि आज भी बंजार के हालात ऐसे हैं कि मलबा तक भी नहीं उठाया जा रहा है।
हाईवे-305 की हालत बहुत खराब है। यह आपदा के दौरान कई दिन तक बंद रहा। आज भी यह हाईवे खच्चर रोड की तरह है। आरोप लगाया कि आपदा बंजार में आई, सड़कें बंजार में टूटीं और पैसा नादौन और देहरा में जा रहा है।
शौरी ने कहा कि जो घर रहने लायक नहीं हैं, उन्हें 70 प्रतिशत डैमेज दर्शाया है। यह पैमाना आपदा प्रभावितों के लिए ठीक नहीं है। सरकार को चाहिए कि जो घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं या रहने लायक नहीं हैं, उन्हें पूरा मुआवजा दिया जाए। जिन घरों को आंशिक रूप से नुकसान हुआ है, उनकी मरम्मत के लिए पैसा दिया जाए। बंजार घाटी में 5 लोग बह गए थे। घाटी में कई गांव आपदा में धंस गए। आपदा के बाद लोगों को उम्मीद थी कि उनकी सड़क ठीक हो जाए डंगा लग जाए। इसके लिए पंचायतों ने एस्टीमेट बनाकर डीसी कार्यालय कुल्लू को भेजे लेकिन इसमें भी भेदभाव किया जा रहा है। मुख्यमंत्री सड़क योजना के तहत किस विधानसभा को कितना पैसा दिया गया। इसके तहत बंजारा विधानसभा को मात्र 61 लाख दिए गए जबकि नादौन को 20 करोड़ और देहरा के लिए 12 करोड़ दिए है। यह कहां का न्याय है।
उन्होंने आरोप लगाया कि आपदा के तीन माह बाद भी सरकार को जिस मुस्तैदी से काम करना चाहिए था वह नहीं किया और किसी ने भी कोई सुध नहीं ली है। सरकार और राजस्व विभाग को चाहिए कि जिस घर में दो भाई रहते हैं और उनके अलग मीटर लगे है तो उनको आपदा का मुआवजा भी अलग-अलग मिलना चाहिए।