मेडिकल बोर्ड में शामिल हुए 72 दिव्यांगजन
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में स्थित जिला दिव्यांगता पुनर्वास केंद्र (डीडीआरसी) में मेडिकल बोर्ड का आयोजन किया गया। इसमें अस्पताल के 12 विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दिव्यांगजनों की पात्रता की जांच की। मेडिकल बोर्ड में शनिवार को जिला कुल्लू के पांचों स्वास्थ्य खंडों से आए 72 दिव्यांगजन शामिल हुए। दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिले, इसके लिए शनिवार को मेडिकल बोर्ड में अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने पात्रता की जांच कर उनके दस्तावेजों का सत्यापन किया।
दिव्यांगता प्रतिशतता की जांच और दस्तावेजों का सत्यापन के बाद प्रमाण पत्र के लिए पात्र दिव्यांगजनों को चयनित किया गया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नरेश चंद ने कहा कि दिव्यांगजनों को सुविधा प्रदान करने और उनके दिव्यांगता प्रमाणपत्र बनाने के लिए महीने के पहले और अंतिम शनिवार को मेडिकल बोर्ड का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि शनिवार को 72 दिव्यांगजनों का मेडिकल बोर्ड में पंजीकरण किया गया। मेडिकल बोर्ड में चयनित पात्र दिव्यांगजनों की फाइल शिमला भेजी जाएगी। संवाद