पतलीकूहल (कुल्लू)। बीपीएल परिवारों की समस्याओं, जरूरतों और प्राथमिकताओं को जानने के लिए जिला प्रशासन की ओर से ग्राम पंचायत कटराईं के पंचायत घर में बुधवार को संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
खंड विकास अधिकारी नगर मुकेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में चरण-1 से 8 तक चिह्नित बीपीएल परिवारों से सीधा संवाद किया गया।
बैठक में उपस्थित परिवारों से विभिन्न विकास और कल्याणकारी योजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। परिवारों ने अपनी समस्याएं और आवश्यकताएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
साथ ही सरकारी योजनाओं को लेकर सुझाव भी दिए। संवाद के दौरान सामने आई प्राथमिकताओं और सुझावों के आधार पर संबंधित विभागों के लिए विस्तृत रिपोर्ट तैयार की गई, जिसे आगामी कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा।
खंड विकास अधिकारी मुकेश कुमार ने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इसका उद्देश्य बीपीएल परिवारों की वास्तविक जरूरतों को समझना और उनकी प्राथमिकताओं के आधार पर सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है।
ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से पात्र परिवारों की समस्याओं को सीधे समझने और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में मदद मिलती है।