कुल्लू के डाइट सेंटर जरड़ में एनडीआरएफ द्वारा प्रशिक्षूओ को आपदा में बचाव कार्य का प्रशिक्षण
एनडीआरएफ की टीम ने प्रशिक्षुओं को दिया प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीम ने जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) कुल्लू में आपदा प्रबंधन एवं जीवन रक्षक तकनीकों पर प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया।
डाइट के युवा रेडक्रॉस यूनिट ने एनडीआरएफ के सहयोग से इस प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया। निरीक्षक योगराज ने प्राकृतिक एवं मानव निर्मित आपदाओं से निपटने में एनडीआरएफ की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने हिमाचल प्रदेश में हाल ही में आई आपदाओं का उल्लेख करते हुए ऐसी परिस्थितियों से निपटने की तैयारी, जागरूकता एवं सामुदायिक भागीदारी के महत्व पर जोर दिया।
प्रशिक्षण सत्र में सीपीआर (कार्डियो-पल्मोनरी रिससिटेशन), रक्तस्राव नियंत्रण तथा अन्य जीवन रक्षक तकनीकों का प्रदर्शन किया। इसके अतिरिक्त आपातकालीन स्थिति में प्रतिक्रिया देने के तरीकों पर एक व्यावहारिक ड्रिल भी करवाई गई, जो सभी प्रतिभागियों के लिए अत्यंत रोचक एवं ज्ञानवर्धक रही। इस अवसर पर उपनिदेशक स्कूल शिक्षा (गुणवत्ता) एवं डीपीओ (समग्र शिक्षा ) डॉ. सुनील दत्त, डाइट प्रधानाचार्य सुरेंद्र शर्मा ने प्रशिक्षणार्थियों में जागरूकता फैलाने के लिए एनडीआरएफ टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्हाेंने कहा कि यह सत्र न केवल प्रशिक्षुओं के ज्ञान में वृद्धि करने वाला रहा, बल्कि उन्हें आपदा की स्थिति में एक जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने के लिए प्रेरित भी किया।