मौहल में पेट्रोल पंप पेट्रोल पंप पर तेल भरते लोग।
कुल्लू। पश्चिम एशिया संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से पेट्रोल-डीजल का इस्तेमाल संयम के साथ करने और सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करने की अपील की है। हालांकि, धरातल पर अभी पेट्रोल-डीजल को लेकर कोई ज्यादा असर देखने को नहीं मिल रहा है। हालांकि, उपभोक्ताओं को अब बोतल और कैनी में पेट्रोल-डीजल देना बंद कर दिया गया है। इसको लेकर पंप संचालकों ने पोस्टर भी लगाए गए हैं। वाहनों में पहले की तरह ही तेल भरा जा रहा है। वाहनों में पेट्रोल-डीजल भरने के लिए अभी किसी तरह की रोक-टोक नहीं है।
सामान्य दिनों में प्रतिदिन करीब चार हजार लीटर पेट्रोल और करीब तीन हजार लीटर डीजल की बिक्री होती थी। पीएम की अपील के बाद पिछले तीन दिन में पेट्रोल की बिक्री में कोई कमी या वृद्धि नहीं हुई है। अब पंप पर बोतलों और कैनियों में तेल देना बंद कर दिया गया है। अब केवल वाहनों के टैंक में ही तेल भरा जा रहा है।
-निशांत ठाकुर, सुरेंद्र ऑयल फिलिंग पेट्रोल पंप मौहल
डीजल-पेट्रोल की बिक्री सामान्य चल रही है। यहां सामान्य तौर पर रोजाना करीब 4,000 हजार लीटर पेट्रोल और 4,500 लीटर डीजल बिकता था और अभी भी लगभग इतना ही बिक रहा है। -रशपाल शर्मा, संचालक, पेट्रोल पंप भूतनाथ
अभी देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों और पश्चिम एशिया संकट को देखते हुए लोगों में आशंका बनी हुई है। यदि आने वाले दिनों में दाम बढ़ते हैं तो इसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ेगा। -राजकुमार नागर, वाहन मालिक।