विद्यार्थी परिषद 18 से 20 जनवरी तक करवाएगी कबड्डी, वॉलीबाल प्रतियोगिता
26 टीमों ने करवाया पंजीकरण, कड़ाके की ठंड के बीच पसीना बहाएंगे खिलाड़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला मुख्यालय ढालपुर स्थित खेल मैदान में तीन दिन तक खिलाड़ी खूब जोर आजमाइश करेंगे। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद युवा दिवस के तहत ढालपुर में कबड्डी और वॉलीबाल प्रतियोगिता करवाएगी।
दोनों प्रतियोगिताएं पुरुष वर्ग की होंगी। 18 से 20 जनवरी तक चलने वाली प्रतियोगिताओं में कबड्डी की 20 और वॉलीबाल की छह टीमें शामिल रहेंगी। खिलाड़ी कड़ाके की ठंड के बीच विजेता का खिताब पाने के लिए मैदान में पसीना बहाएंगे।
बता दें कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद को याद करते हुए जवाहर लाल नेहरू राजकीय महाविद्यालय हरिपुर में महिला और पुरुष वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता करवाई थी। अब परिषद ढालपुर में पुरुष वर्ग की कबड्डी और वॉलीबाल प्रतियोगिता करवाएगी। इसके लिए तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला संयोजक सारांश ने कहा कि छात्र परिषद अपने स्थापना काल से ही राष्ट्रहित, समाज हित में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती आ रही है। परिषद स्वामी विवेकानंद की सोच और उनके विचार को युवाओं तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है। ऐसे में स्वामी विवेकानंद की जयंती पर हरिपुर में कबड्डी प्रतियोगिता करवाई गई थी। ढालपुर में पुरुष वर्ग की कबड्डी और वॉलीबाल प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी।