कुल्लू के अस्थाई मार्केट में गर्म कपड़ो की खरीदारी करने के लिए उमड़ी भीड़।-संवाद
कुल्लू। दशहरा उत्सव के लिए ढालपुर मैदान में सजा अस्थायी बाजार अब विदाई की तैयारी में है। 32 दिनों तक गुलजार रहे इस बाजार में दुकानदारों को कारोबार करने के लिए दिया गया समय समाप्त हो गया है। ऐसे में सोमवार से कारोबारियों को दुकानें और सामान समेटना होगा। निर्धारित समय के बाद भी दुकानें नहीं हटाने पर प्रशासन और नगर परिषद की ओर से कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि, अस्थायी बाजार में दुकानें लगाने की समय सीमा शनिवार को ही पूरी हो गई थी, लेकिन रविवार को अवकाश होने के कारण कारोबारी मैदान में डटे रहे। लिहाजा बाजार में आखिरी दिन भी खरीदारी का दौर जारी रहा। बड़ी संख्या में लोग ढालपुर पहुंचे और कपड़ों से लेकर रसोई और घर में इस्तेमाल होने वाले सामान की खरीदारी की।
समय सीमा समाप्त होने के चलते दुकानदारों ने भी सामान की कीमतों में कटौती कर दी है। इसका फायदा उठाने के लिए बाजार में लोगों की भीड़ उमड़ी। खरीदारी करने पहुंचीं मीना देवी, देवकी देवी और पवना कुमारी ने बताया कि दशहरा बाजार का समय पूरा हो चुका है। अब दुकानें हटाई जानी हैं, इसलिए वे आखिरी दिन खरीदारी करने पहुंचीं। दुकानदारों की ओर से सामान सस्ता किए जाने के कारण उन्होंने पूरे परिवार के लिए गर्म कपड़ों की खरीदारी की। उनके अनुसार बाजार में मिल रही छूट के चलते कम कीमत पर जरूरत का सामान मिल रहा है।
.....