कुल्लू। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सोमवार को कुल्लू के प्रवास के दौरान सुमा में लगभग 18 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से निर्मित जलशक्ति विभाग की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण किया। उन्होंने पीज फाटी की करीब 16 करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से निर्मित उठाऊ पेयजल योजना का उद्घाटन किया। इससे फाटी, पीज और भूमतीर के गांवों की लगभग 8,050 आबादी को पेयजल उपलब्ध होगा।
इसके अलावा उन्होंने डेढ़ करोड़ की लागत से बनी उठाऊ पेयजल योजना का भी उद्घाटन किया। योजना से ग्राम पंचायत डुगीलग के सुमा, छुरला, धाराबाग और भालठा गांवों की करीब 3,000 आबादी लाभान्वित होगी।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सुमा में कहा कि विभाग की ओर से कुल्लू में पेयजल की 708 योजनाएं पूरी कर दी गई हैं और 111 पर काम चल रहा है। सिंचाई की 89 योजनाएं पूरी हुईं और 49 योजनाओं पर काम चल रहा है। बाढ़ नियंत्रण की 29 योजनाएं पूरी कर दी गई हैं और 7 योजनाओं पर काम चल रहा है। मल निकासी की पांच योजनाओं पर काम चल रहा है। उन्होंने कुल्लू क्षेत्र की जल शक्ति विभाग की चल रही योजनाओं के लिए तीन करोड़ जारी करने की घोषणा की। कुल्लू जिले में नाबार्ड में 187 करोड़ की 38 पेयजल योजनाओं में 5 योजनाएं पूरी हो गई हैं। 33 पर कार्य प्रगति पर है।
इसके अतिरिक्त बाढ़ नियंत्रण के तहत इस साल कुल्लू जिले की 24 योजनाएं मंजूर हुई हैं। इन पर कुल 158 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके तहत ब्यास का तटीकरण भी शामिल है। भुंतर शहर के लिए 24 घंटे पेयजल आपूर्ति योजना मंजूर की गई है जिस पर 22 करोड रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
इससे पूर्व मुकेश अग्निहोत्री ने भुट्टी चौक से निगम की दो बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और बुआई वाया बागन बस में लगभग तीन किलोमीटर का सफर किया। कार्यक्रम में मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर ने उपमुख्यमंत्री का आभार जताया। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सेस राम आजाद भी मौजूद रहे।
000