कुल्लू। एसएसबी गुरिल्ला संगठन से जुड़े सदस्य 12 नवंबर से पहले फीस जमा करवा दें। ऐसा न करने और बैठक से नदारद रहने वालों के नाम सुप्रीम कोर्ट में चल रहे मामले से काट दिए जाएंगे।
यह बात अखिल भारतीय गुरिल्ला संगठन के चेयरमैन प्रीतम सिंह ठाकुर ने कुल्लू के ढालपुर में कही। एसएसबी प्रशिक्षित गुरिल्ला संगठन कुल्लू की मासिक बैठक जिला मुख्यालय ढालपुर में हुई। इसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह राणा की। बैठक में सर्वप्रथम कोर्ट में चल रहे मामले से जुड़े गुरिल्लाओं की सूची को दुरुस्त किया गया। इसके बाद सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि जिन गुरिल्लाओं ने फीस जमा नहीं करवाई है, उन्हें 12 नवंबर तक का समय दिया गया है।
अखिल भारतीय गुरिल्ला संगठन के चेयरमैन प्रीतम सिंह ठाकुर ने कहा कि पूरे देश में 10,000 से अधिक प्रशिक्षित गुरिल्ला है। इनमें हिमाचल के 2456 और जिला कुल्लू के 1400 गुरिल्ला शामिल हैं। सरकार एसएसबी प्रशिक्षित गुरिल्लाओं का आंकड़ा अधिक बता रही है और वित्तीय बोझ का हवाला दे रही है, लेकिन संगठन ने देशभर से 10,000 गुरिल्लाओं की सूची जारी की। इस आंकड़ेे को अब सरकार मान सकती है। जो गुरिल्ला साथी अभी मामले में नहीं जुड़ पाए हैं या नाम सूची से कट गए हैं, वे 12 नवंबर से पहले फीस जमा करवा दोबारा जुड़ सकते हैं। अब संगठन सर्किल स्तर पर भी बैठकें करेगा। इस दौरान अनूप राम, आंगमो देवी, धनवंती ठाकुर, चुनीलाल, रामसिंह, मानसुख और बलराम आदि उपस्थित रहे।