कुल्लू। जिला कुल्लू के स्वास्थ्य केंद्रों के लिए सरकार ने पांच नए विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती के आदेश जारी किए हैं। इसमें तीन डाॅक्टर आनी अस्पताल, एक कुल्लू और एक मनाली अस्पताल में तैनात होंगे।
एक साथ पांच विशेषज्ञ डॉक्टरों के मिलने से जिले के हजारों मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। खासकर बाह्य सराज के आनी अस्पताल को तीन विशेषज्ञों के मिलने से लोगों को जिला मुख्यालय कुल्लू, रामपुर या शिमला की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। सरकार ने आनी के लिए सर्जन डाॅ. धर्मपाल, गायनी विशेषज्ञ अंकिता सेठ तथा हड्डी रोग विशेषज्ञ डाॅ. राहुल बैंस की तैनाती की है।
इसके अलावा जिला अस्पताल कुल्लू के लिए शिशु रोग विशेषज्ञ के रूप में डॉ. रवलीन कौर के आदेश हुए हैं। अब जिला अस्पताल में दो विशेषज्ञ डाॅक्टर होंगे। कुल्लू अस्पताल में तैनात मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. नागराज पवार भी दो घंटे ओपीडी में बैठकर बच्चों को चेकअप करते आए हैं।
मनाली के लिए मेडिसिन विशेषज्ञ डाॅ. अदिती ठाकुर के आदेश किए हैं। इससे ऊझी घाटी के लोगों को लाभ मिलेगा। मनाली और आनी को मिले विशेषज्ञ डाॅक्टरों से जिला अस्पताल कुल्लू में मरीजों की संख्या कम होगी और लोगों को उपचार के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. नागराज पवार ने कहा कि जिला कुल्लू के तीन अस्पतालों को पांच विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती के आदेश हुए हैं। इसमें आनी को तीन, कुल्लू और मनाली को एक-एक चिकित्सक मिले हैं। कहा कि नए विशेषज्ञों के मिलने से जिलावासियों को सुविधा मिलेगी। संवाद