कुल्लू। जिले के बाजारों में इन दिनों नकली पनीर को लेकर तरह-तरह की अफवाहें फैल रही हैं। अधिकांश मामलों में जिस उत्पाद को नकली पनीर बताया जा रहा है, वह वास्तव में एनालॉग पनीर है, जो सामान्य पनीर की तुलना में कम कीमत पर उपलब्ध होता है।
खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त अनिल शर्मा ने बताया कि एनालॉग पनीर एक अलग खाद्य उत्पाद है, जिसमें दूध की वसा के स्थान पर वनस्पति तेल एवं अन्य खाद्य वसा का उपयोग किया जाता है। यदि इसका निर्माण और विक्रय खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप किया जाए, तो इसे नकली पनीर नहीं कहा जा सकता।
उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी भ्रामक सूचना या अफवाह पर विश्वास न करें और केवल कम कीमत के आधार पर किसी उत्पाद को नकली न मानें। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा विभाग ऐसे उत्पादों की नियमित निगरानी कर रहा है और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जा रही है। संवाद