कुल्लू। लाहौल-स्पीति के उदयपुर उपमंडल के तिंदी गांव के लोहणी में सेल्समैन की ओर से उपभोक्ताओं से राशन की एडवांस राशि लेने के आरोपों के बाद खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग हरकत में आ गया है। वीरवार को विभाग केलांग की टीम मामले की जांच के लिए मौके पर पहुंची। टीम ने उपभोक्ताओं के बयान दर्ज करने के साथ लोहणी राशन डिपो का निरीक्षण भी किया। तिंदी निवासी सुनील कुमार ने आरोप लगाया कि सेल्समैन ने उनके दो राशन कार्डों की एंट्री करने पर 25 हजार रुपये एडवांस में लिए हैं। इसके बावजूद उन्हें केवल गेहूं, आटा और चीनी ही वितरित की गई है। उन्होंने बताया कि अभी तक चावल, चार प्रकार की दालें और खाद्य तेल नहीं दिया गया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और बचा हुआ राशन जल्द उपलब्ध करवाने की मांग की है।
मामला विभाग के ध्यान में आते ही मुख्यालय केलांग से दो सदस्यीय टीम मौके पर भेजी गई है। टीम की ओर से उपभोक्ताओं के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। इसके अलावा राशन की गुणवत्ता की भी जांच की जा रही है।
-अखिलेश सिंह ठाकुर, जिला नियंत्रक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, लाहौल-स्पीति