उपायुक्त कार्यालय के बाहर सांसद का पूतला फूंकते हुए किसान सभा के सदस्य
कुल्लू। किसान आंदोलन को लेकर दिए गए विवादास्पद बयान के बाद सांसद कंगना रणौत की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। मंगलवार को हिमाचल किसान सभा ने कुल्लू में मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद कंगना रणौत के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया। किसानों ने उपायुक्त कार्यालय के बाहर सांसद का पुतला भी फूंका। किसानों ने कंगना के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
किसान सभा के राज्य महासचिव होतम सौंखला ने कहा कि भाजपा सांसद कंगना रणौत हमेशा सुर्खियों में रहने के लिए कई तरह की घटिया बयानबाजी करती हैं। कंगना ने आपत्तिजनक बयान देकर किसानों और किसान आंदोलन को शर्मसार किया है।
कंगना को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए। एक सप्ताह के अंदर किसानों से माफी नहीं मांगती तो सांसद का हर जगह विरोध और घेराव किया जाएगा। इस दौरान किसान सभा के जिला अध्यक्ष गोविंद, गुरजीत गिल, देवराज नेगी, राजेश ठाकुर, ममता नेगी आदि मौजूद रहे। संवाद