जिला मुख्यालय स्थित सरवरी में धरना प्रदर्शन करते हुए बिहार के प्रवासी मजदूर।
कुल्लू। बिहार के यूट्यूब पत्रकार मनीष कश्यप को बिहार पुलिस की ओर से गिरफ्तार करने के विरोध में कुल्लू में प्रवासी मजदूरों ने प्रदर्शन किया। बिहार के प्रवासी मजदूरों ने मनीष कश्यप को रिहा करने की मांग की। इस दौरान बिहार सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
मनीष कश्यप पर आरोप लगाया गया है कि उन्होंने तमिलनाडु में अप्रवासी मजदूरों पर हुई हिंसा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया। यह वीडियो फेक बताया जा रहा है।
वीडियो वायरल होते ही बिहार पुलिस ने उनके ऊपर मामला दर्ज किया। इसका प्रवासी मजदूर विरोध कर रहे हैं। तमिलनाडु में रहने वाले बिहारी मजदूरों में भी वीडियो सामने आने के बाद डर का माहौल है।
कुल्लू में रहने वाले प्रवासी मजदूर मनीष कुमार यादव ने कहा कि पूरे देशभर में मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। अगर सरकार सही होती तो उन्हें रोजगार की तलाश में देशभर के अन्य राज्यों में नहीं भटकना पड़ता। मांग उठाई कि पत्रकार मनीष कश्यप को जल्द रिहा किया जाए। इस दौरान कारी ठाकुर, सीता राम यादव, बबलू कुमार, बेचन ठाकुर आदि मौजूद रहे। संवाद