चार लाख में बनी सहमति, आरोपी पर 50 हजार जबरन ले जाने का आरोप
बाशिंग में तटीकरण का कार्य कर रहे ठेकेदार से वसूली पर दर्ज हुई प्राथमिकी
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। मुख्यालय के समीप बाशिंग में ब्यास नदी के दोनों ओर तटीकरण का कार्य करने वाले ठेकेदार से जबरन वसूली का मामला सामने आया है। एक आरोपी ने काम बंद करवाने की धमकी देकर ठेकेदार से 10 लाख रुपये मांगे।
बाद में चार लाख रुपये पर सहमति जताते हुए 50,000 रुपये आरोपी जबरन ले गया। पुलिस ने ठेकेदार की शिकायत के आधार पर अब पुलिस थाना कुल्लू में प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस को दी शिकायत में मंडी जिले के टकोली निवासी अभिमन्यु ने कहा कि जल शक्ति विभाग कटराईं डिवीजन के तहत बाशिंग में ब्यास नदी के दोनों तरफ तटीकरण का कार्य चल रहा है। ब्यास नदी के दोनों तरफ सुरक्षा दीवार लगाई जा रही है। इस कार्य की देखरेख उनके पिता की ओर से की जा रही है। कार्य पंचायत और बाढ़ शमन समिति के निर्देशानुसार कार्य शुरू किया गया था। चार दिसंबर को एक स्थानीय व्यक्ति ने यह कार्य बंद करवाने की धमकी और 10 लाख रुपये मांगे। बाद में आरोपी ने चार लाख रुपये पर सहमति जताई और 50,000 रुपये दबाव पूर्वक ले गया। आरोपी शेष राशि की भी मांग करता रहा। गौर रहे कि ठेकेदार से जबरन वसूली का यह आपदा के बाद पहला मामला है। हालांकि पुलिस इसमें क्या कार्रवाई करती है, यह देखने वाली बात होगी। बहरहाल मामला सामने के बाद कई तरह की चर्चाओं का दौर है। पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल ने कहा कि पुलिस प्राथमिकी दर्ज करने के बाद छानबीन में जुट गई है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।