कुल्लू। जिला कुल्लू के पुलिस अधीक्षक अभिषेक सेकर इन दिनों जिले के विभिन्न पुलिस थानों और क्षेत्रों का दौरा कर कानून-व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। बुधवार को उन्होंने जीभी और सैंज घाटी का दौरा किया।
इस दौरान एक प्रतिनिधिमंडल ने उनसे क्षेत्र में अवैध एवं अनैतिक पर्यटन गतिविधियों, नशे, रेव पार्टियों और बिना पंजीकरण ठहरने वाले पर्यटकों, लीजधारकों व संचालकों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमित निगरानी और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की।
इससे पहले जीभी घाटी पर्यटन विकास संघ के अध्यक्ष सेवानिवृत्त कैप्टन किशन चौहान और ग्राम पंचायत खाड़ागाड़ की प्रधान सुशीला देवी ने उनका स्वागत किया।
स्थानीय लोगों के साथ इस दौरान एक बैठक हुई, जिसमें जीभी घाटी की पर्यटन संभावनाओं, कानून-व्यवस्था और सुरक्षित एवं सतत पर्यटन विकास को लेकर चर्चा हुई।
प्रतिनिधिमंडल ने एनएच-305 पर जीभी क्षेत्र में बढ़ती यातायात भीड़ को देखते हुए सड़क के किनारे व्यवस्थित पार्किंग और अल्पकालिक व दीर्घकालिक यातायात प्रबंधन योजना बनाने की भी मांग की। इससे स्थानीय लोगों, विद्यार्थियों और आपातकालीन सेवाओं को होने वाली परेशानी कम हो सकेगी।
जीभी में यातायात और कानून-व्यवस्था सुचारु रखने के लिए दो पुलिस कर्मियों की स्थायी तैनाती की मांग भी रखी गई। पुलिस अधीक्षक अभिषेक एस ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया।