कुल्लू। जेओए आईटी की भर्ती परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों ने इस भर्ती को जल्द पूरा करने की मांग है। इस संबंध में बुधवार को पोस्ट कोड 817 जेओए आईटी के अभ्यर्थियों ने एक मांग पत्र मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर को सौंपा है। जेओए आईटी अभ्यर्थी सिंटू नेगी, पवन सिंह, केशव, विनोज पॉल ने कहा कि जेओए आईटी के प्रदेशभर में 6,000 अभ्यर्थी हैं। नौ नवंबर 2023 को सुप्रीम कोर्ट ने इस पर अपना फैसला सुनाते हुए 2020 के नियमों के अनुसार सभी विज्ञापित सीटों पर भर्ती को पूरा करने के आदेश जारी किए हैं। इसलिए जेओए आईटी का अंतिम परिणाम जारी करके नियुक्ति प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि जेओए आईटी का मामला चार साल से लंबित है। ऐसे में 6,000 परिवार अंतिम परिणाम जारी करने की मांग कर रहे हैं। लोकसभा चुनाव से पहले जेओए आईटी की भर्ती को पूरा किया जाए। उन्होंने मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर से आग्रह किया कि वे निजी रूप से इसमें रुचि लेकर सभी अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रदान करें।