बोले, कूड़ा संयंत्र केंद्र मे आ रहा क्षमता से अधिक कचरा
संवाद न्यूज़ एजेंसी
मनाली (कुल्लू)। नगर परिषद मनाली के अध्यक्ष चमन कपूर ने कहा कि मनाली कूड़ा संयंत्र केंद्र में क्षमता से तीन गुना अधिक कूड़ा कचरा आ रहा है। अप्रैल में उपायुक्त कुल्लू की अध्यक्षता में बैठक हुई थी। इसमें सभी नगर परिषदों और पंचायतों को अपने कूड़े के निष्पादन की खुद व्यवस्था करने के लिए कहा गया था। उनके आदेश पर ही 21 जून के बाद बाहरी इलाके का कूड़ा कचरा नहीं लेने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि रांगड़ी कूड़ा संयंत्र केंद्र मात्र अपने शहर का और साथ लगती पंचायतों के कूड़े का निष्पादन कर सकती है लेकिन इस संयंत्र केंद्र में लाहौल के सरचू से लेकर कुल्लू के जलोड़ी जोत तक का 60 टन से अधिक कूड़ा प्रतिदिन आ रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही उपायुक्त कुल्लू से बैठक कर आगामी निर्णय लिया जाएगा। कपूर ने कहा कि उपायुक्त का जो भी निर्णय होगा, उस पर अमल किया जाएगा और मिलजुलकर इस गंभीर समस्या से निपटारा किया जाएगा। कहा कि एनजीटी की ओर से किए गए 4.60 करोड़ के जुर्माने को लेकर नप मनाली उच्च न्यायालय जाएगी।