ढालपुर में मालरोड पर बहते पानी के बीच बचते हुए आवाजाही करती युवती। -संवाद
कुल्लू। जिले में सोमवार रात से हो रही बारिश के कारण जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। जगह-जगह भूस्खलन होने के कारण विभिन्न संपर्क मार्ग अवरुद्ध हो गए। इससे आवाजाही में लोगों और पर्यटकों को परेशानी झेलनी पड़ी। सैंज-न्यूली-शैंशर मार्ग पर दो जगह भूस्खलन हुआ। इससे मार्ग सुबह करीब पांच बजे ही बाधित हो गया। इस कारण दूध, सब्जियां लेकर जा रहे वाहन फंस गए। करीब आठ घंटे के बाद मार्ग को बहाल किया जा सका। चार घंटे के बाद मार्ग फिर बंद हो गया। लगातार भारी बारिश से ब्यास, पार्वती, तीर्थन और पिन पार्वती नदी का जलस्तर बढ़ गया है।
पार्वती घाटी के घटीगढ़ में भूस्खलन से मणिकर्ण-बरशैणी का संपर्क कट गया है। इस कारण यहां पर्यटक भी फंस गए हैं। सड़क को बहाल करने के लिए मशीन भी भेजी गईं, लेकिन लगातार बारिश के कारण पहाड़ी से पत्थर और मलबा गिर रहा है। वहीं, बजौरा में काकरू नाला में बाढ़ आने से पानी सड़क पर आ गया। इससे सड़क नाला बन गई और इसे नुकसान पहुंचा।
भारी बारिश के कारण बजौरा-जिया फोरलेन पर स्थित दियार चौक तालाब बन गया। करीब 100 मीटर हाईवे पर पानी ठहरने से दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी हुई। लगवैली के भूमतीर के पास नाले में बाढ़ आने से सड़क क्षतिग्रस्त हो गई। जिले में भारी बारिश से शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों का जनजीवन ठहर सा गया है। जिले में 60 से अधिक सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं।
....
सफर भी जोखिम भरा
जिया-कुल्लू-मनाली, भुंतर-मणिकर्ण, औट-बंजार-जलोड़ी दर्रा, बंजार-गुशैणी, कुल्लू-लगवैली सड़कों पर पत्थर गिरने से सफर करना जोखिम भरा हो गया है। उपायुक्त कुल्लू का कार्यभार देख रहे एडीएम कुल्लू सुरजीत सिंह राठौर ने कहा कि बारिश को देखते हुए पर्यटकों कापे नदी-नालों के किनारे न जाने के लिए कहा गया है। सभी एसडीएम को नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
00