भुंतर-मणिकर्ण सड़क पर सरसाड़ी के पास हुए बस हादसे में लापता लोगों की तलाश अभी भी जारी है। हालांकि, अभी तक इस अभियान में रेस्क्यू टीमों के हाथ कोई बड़ी सफलता नहीं लगी है। गत 23 जुलाई को हुए इस हादसे में अभी भी पंजाब के करीब 32 लोग लापता हैं। इधर, सोमवार को मंडी जिले के पंडोह डैम में दो, जबकि कांढापत्तन में एक शव मिला है। हालांकि, इनकी अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। उपायुक्त राकेश कंवर ने बताया कि पंडोह डैम में मिले शवों में एक बच्चे और एक पुरुष का है। जबकि, कांढापत्तन में बरामद शव महिला का है। उन्होंने बताया कि तीनों शवों की हालत बहुत खराब हो चुकी है।
ये शव बस हादसे के लापता यात्रियों के भी हो सकते हैं। शवों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। आवश्यकता पड़ने पर इनका डीएनए टेस्ट भी करवाया जाएगा। इस संबंध में लापता यात्रियों के परिजनों से भी संपर्क किया जा रहा है। यदि इन शवों की शिनाख्त संभव हो पाई तो इन्हें परिजनों को सौंप दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि 23 जुलाई को श्रद्धालुओं से भरी बस पार्वती नदी में जा गिरी थी। इस हादसे में 23 लोग घायल हुए थे। जबकि, 44 से अधिक लोग नदी में बह गए थे। इनमें से चौदह लोगों के शव बरामद हो चुके हैं। हालांकि, प्रशासन ने इस सर्च अभियान के लिए नेवी की सेवाएं भी ली थीं लेकिन नेवी की टीम भी पार्वती के उग्र रूप के आगे लाचार नजर आई।