कुल्लू। केंद्र सरकार की ओर से नीट (राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा) रद्द करने पर अभ्यर्थियों में निराशा और गुस्सा है। अभ्यर्थियों का कहना है कि नीट के लिए उन्होंने दिन-रात एक कर मेहनत की और उनकी मेहनत और सपनों पर पेपर लीक मामले ने पानी फेर दिया है। देश में लगातार पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई नहीं हो रही है। अभ्यर्थियों ने कहा कि मामले में संलिप्त दोषियों पर कार्रवाई की जाए।
तीन मई को नीट दे चुके अभ्यर्थी अनुज, मोनिका, शीतल, अनिका, राहुल, विकास, राजेश, रितिका ने कहा कि पेपर लीक मामलों से अभ्यर्थियों का मनोबल टूट रहा है। सालों की मेहनत पर पानी फिर रहा है। उन्होंने सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि दोषियों पर कार्रवाई की जाए ताकि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ न किया जाए।
......
नीट अच्छी हुई थी। इस बार 700 में से कम से कम 580 से अधिक अंक आने की उम्मीद थी, लेकिन पेपर लीक मामले से उम्मीद धराशायी हुई है।
-यशस्वी ठाकुर, अभ्यर्थी
...
नीट के लिए दिन-रात एक कर मेहनत और पढ़ाई की, लेकिन अब परिणाम आने से पहले पेपर लीक मामले ने मनोबल तोड़ा है। इस तरह के मामलों पर सरकार रोक लगाए।
-पलक, नीट अभ्यर्थी
...
नीट की परीक्षा काफी अच्छी रही थी। विश्वास था कि इस बार चयन हो जाएगा, लेकिन परीक्षा रद्द होने की वजह से उम्मीदें टूटती नजर आ रही हैं। यह एक अभ्यर्थी के रूप में बड़ा झटका है।
-काव्यांजलि, नीट अभ्यर्थी
...
नीट परीक्षा देने वाले मेरी तरह हर अभ्यर्थी के लिए यह बड़ा नुकसान है। अभ्यर्थी ईमानदारी से परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं और इस तरह के पेपर लीक मामले उनके भविष्य को उजाड़ रहे हैं।
-नीलकंठ सूद, नीट अभ्यर्थी
...
साल 2024 में भी कई नीट के परीक्षा केंद्रों पर पेपर लीक और गड़बड़ियों की बातें सामने आई थीं। आज फिर वही स्थिति बनी हुई है और इसका सबसे बड़ा नुकसान उन लाखों ईमानदार अभ्यर्थियों को हो रहा है, जिन्होंने दिन-रात मेहनत करके अपने सपनों के लिए तैयारी की है।
-पवन ठाकुर, प्रबंध निदेशक, एंबिशन क्लासिस
....
पेपर लीक मामलों से अभ्यर्थियों पर मानसिक दबाव, आर्थिक बोझ पड़ता है। इसके अलावा इस तरह के मामलों से अभ्यर्थी के आत्मविश्वास पर सीधा असर पड़ता है। सरकार मामले की निष्पक्ष जांच करवाए, लेकिन यह भी सुनिश्चित करे कि अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ खिलबाड़ न हो।
-मुनीष, प्रबंधक निदेशक, क्वांटम वर्ल्ड
0000