धारा गांव में अयोजित जागरूकता शिविर के दौरान बच्चियों को गिफ्ट पैक देते हुए मुख्यातिथि और परि
कुल्लू। महिला एवं बाल विकास विभाग ने ''बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ'' योजना के तहत सोमवार को ग्राम पंचायत भालण-1 के धारा गांव में जागरूकता शिविर का आयोजन किया। कार्यक्रम में पंचायत समिति सदस्य गड़सा ओम प्रकाश मुख्य अतिथि रहे, जबकि अध्यक्षता बाल विकास परियोजना अधिकारी कुल्लू गजेंद्र ठाकुर ने की।
ओम प्रकाश ने कहा कि समाज में बेटियों को बेटों के समान अवसर मिलना आवश्यक है। आज बेटियां शिक्षा, खेल, विज्ञान, प्रशासन और अन्य सभी क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया। इसमें आशा कार्यकर्ता बबली देवी ने महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।
बाल विकास परियोजना अधिकारी गजेंद्र ठाकुर ने महिलाओं को संतुलित पोषण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा स्वस्थ जीवनशैली के बारे में जानकारी दी। गड़सा वृत की पर्यवेक्षक ने विभाग की ओर से महिलाओं एवं बच्चों के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। पर्यावरण संरक्षण और बालिका सम्मान का संदेश देते हुए ''एक बूटा बेटी के नाम'' अभियान के तहत नवजात बच्चियों के नाम पर पौधरोपण भी किया गया। संवाद