कुल्लू के नगर में निकोलस रोरिक की जंयती के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में डांस की प्रस्तुति देत
नग्गर (कुल्लू)। अंतरराष्ट्रीय रौरिक मेमोरियल ट्रस्ट नग्गर में रूस के महान कलाकार निकोलस रोरिक की 150वीं जन्म शताब्दी बुधवार को हर्षोंल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत कृष्ण मंदिर ठावा के पुजारी जयदेव आचार्य ने पूजा अर्चना के साथ की। कार्यक्रम के मुख्यातिथि रशियन रूस के राजदूत डेनिस एलिपोव रहे। इसके अलावा उपायुक्त कुल्लू तोरुल एस रवीश, आईसीआर मास्को की उपाध्यक्ष नतालिया चरकशीना और रशियन ग्रुप की मुखिया तमारा मौजूद रहीं। रोरिक आर्ट गैलरी में ध्वजारोहण किया गया।
इस मौके पर निकोलस रोरिक के जीवन और कार्यों पर प्रदर्शनी और सेमिनार हॉल में चित्रकार सिमरित लूथरा और साधना संगर की चित्रकला प्रदर्शनी का उद्घाटन रशियन राजदूत डेनिस एलिपोव ने किया। कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन से दोनों देशाें के संबंध मजबूत होते हैं और आपसी संस्कृति का आदान-प्रदान होता है। वहीं ऑनलाइन निबंध लेखन प्रतियोगिता में डे स्टार स्कूल मनाली की छात्रा आकृति सिंह पहला स्थान पाया। दूसरे स्थान पर डीएवी स्कूल कटराईं के देवांश व तीसरे स्थान पर नग्गर स्कूल के ज्योति आनंद रहे। चित्रकला के वरिष्ठ मार्ग में जवाहर नवोदय विद्यालय बंदरोल के हंस राज ने बाजी मारी। दूसरे स्थान पर डीपीएस मनाली के मैत्री राज सांगपा और तीसरे स्थान पर ज्योति आनंद, चौथे स्थान पर पालमों छेरिंग,रही।
मध्यम वर्ग में डीएवी कटराईं की मान्यता सूद प्रथम, नवोदय स्कूल बंदरोल की अमन दूसरे, लावन्या कुमारी तीसरे और डीपीएस मनाली के तेंजिन पालमो को चौथा स्थान मिला। जूनियर वर्ग में हैलेना रोरिक अकादमी की छात्रा अवनी गुलेरिया प्रथम रहीं। इसी अकादमी की भार्गवी दूसरे, डीपीएस मनाली मृनाक के मनाली तीसरे स्थान व हैलेना रोरिक अकादमी के चतुर्थ यश शर्मा चौथे स्थान पर रहे हैं। इस दौरान हैलेना रोरिक अकादमी के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर वाहवाही लूटी। इस मौके पर भारतीय क्यूरेटर सुरेश कुमार नड्डा और रशियन क्यूरेटर लारिसा सुरगिना सहित कई गण्यमान्य लोग मौजूद रहे।