कुल्लू। पीपल जातर मेले के लिए ढालपुर में सजी अस्थायी मार्केट में रविवार को अवकाश के दिन ग्रामीण क्षेत्रों से लोग खरीदारी के लिए पहुंचे। सुबह के समय अस्थायी मार्केट में लोग कम ही नजर आए जबकि दोपहर तक दुकानों में ग्राहकों की भीड़ नजर आई।
झूला मार्केट, मीना मार्केट, जूता मार्केट, सिड्डू मार्केट, डोम और कबाड़ी मार्केट से लेकर अन्य जगहों पर लोगों की खूब चहल-पहल देखने को मिली। हालांकि शाम तक दुकानों में एक बार फिर भीड़ छंट गई। गौर रहे कि राज्य स्तरीय पीपल मेले के लिए बाहरी राज्यों से आए हुए व्यापारियों पर इस बार मौसम की मार पड़ी है। मेले में करीब 500 दुकानें सजी हैं। मेले में पिछले एक सप्ताह से कारोबार मंदा चल रहा है।
बारिश रहने के चलते अभी तक व्यापारियों का आधा स्टॉक भी नहीं बिका है जबकि व्यापारियों ने दस फीसदी महंगे रेट पर प्लॉट खरीदे थे। मेले में आए हुए बाहरी व्यापारियों को इस बार निराशा का सामना करना पड़ा है। मेले में आए हुए बाहरी व्यापारी रवि ने कहा कि करीब एक सप्ताह लगातार हो रही बारिश से उन्हें नुकसान झेलना पड़ा है। व्यापारियों को इस बार बेहतर कारोबार होने की उम्मीद थी लेकिन उनका आधा स्टॉक भी अभी तक नहीं बिक पाया है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के घाटे को देखते हुए दुकानों की समयसीमा को बढ़ाया जाए।