आबकारी एवं कराधान विभाग ने टैक्स चोरी पर शिकंजा कस दिया है। विभाग ने पिछले तीन दिनों में औट से लेकर कुल्लू तक करीब डेढ़ दर्जन व्यापारियों को टैक्स चोरी करते हुए पकड़ा। इनसे करीब साढ़े तीन लाख रुपये जुर्माना वसूला गया। विभागीय टीमों की सख्त कार्रवाई से व्यापारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
पीपल जातर मेले के लिए बाहरी राज्यों से व्यापारियों का आना जारी है। व्यापारी बाहरी राज्यों से कुल्लू में मेले के लिए सामान ला रहे हैं। आबकारी एवं कराधान विभाग चौकस हो गया है। मेले के दौरान टैक्स चोरी की संभावनाएं बढ़ जाती हैं। जिसे ध्यान में रखते हुए विभागीय टीमें औट से लेकर कुल्लू तक दबिश दे रही हैं।
पिछले तीन दिनों से लगातार टीमें एनएच पर वाहनों की जांच कर रही हैं। इस दौरान करीब डेढ़ दर्जन व्यापारी टैक्स चोरी करते पकड़े गए। इनमें अधिकतर पूछताछ के दौरान सामान संबंधी बिल नहीं दिखा पाए। जबकि अन्य के बिल व सामान में गड़बड़ी पाई गई। अनियमितताएं होने व टैक्स चोरी पर विभागीय टीमों ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उक्त व्यापारियों से साढ़े तीन लाख रुपये जुर्माना वसूला।
पीपल जातर मेले में भी विभागीय टीमें निगरानी रख रही हैं। वर्तमान में बाहरी राज्य से आ रहे सामान की चेकिंग की जा रही है। मेला पूरी तरह से सजने पर मेला मैदान में भी विभागीय टीमें दबिश देंगी। मेले के दौरान टैक्स चोरी व बिल में गड़बड़ी पर कार्रवाई की जाएगी।