स्वार। उत्तराखंड से दवा लेकर आ रहे बाइक सवार दंपती को तेज गति से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौजूद लोगों ने मौके से ट्रक चालक को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। चालक सहित वाहन को पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है। थाना केमरी निवासी गेंदन लाल अपनी पत्नी नीरज के साथ उत्तराखंड के बाजपुर से मंगलवार की दोपहर बाइक से दवा लेकर घर वापस जा रहा था। स्वार-बाजपुर मार्ग स्थित गांव नरपत नगर के नजदीक पहुंचने पर रामपुर की ओर से तेज गति से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान मौके पर लगी भीड़ ने पीछा कर ट्रक रोक लिया और चालक को कब्जे में कर सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ से चालक को कब्जे में कर हिरासत में ले लिया। चालक सहित वाहन को कोतवाली ले आई और घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। सूचना पर घायलों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और कोतवाली पहुंच चालक को नामजद कर तहरीर दी।