सैंज के रोपा में नेशनल पार्क की टीम ने एक बोलेरो से देवदार के 36 नग बरामद किए हैं। चालक सहित अन्य तस्कर मौके से फरार हो गए हैं। नेशनल पार्क शमशी में तैनात वन मंडल अधिकारी की अगुवाई में विभाग की टीम ने गत रात्रि सैंज रोपा के पास नाका लगा रखा था।
इस दौरान टीम ने शक के आधार पर एक जीप को तलाशी के लिए रोका। चालक ने गाड़ी को रोकने के बजाए दौड़ाया और टीम ने गाड़ी का पीछा करते हुए मातला नाला के पास गत रात्रि पौने 12 बजे पकड़ लिया और चालक अनवर अली पुत्र लाल हुसैने निवासी तथा गाड़ी में बैठा अन्य दूसरा व्यक्ति फरार होने में कामयाब रहा। नेशनल पार्क शमशी के वन मंडल अधिकारी डॉ. कृपा शंकर एम ने बताया कि गाड़ी से विभिन्न साइज के देवदार प्रजाति के 36 नग बिना हैमर मार्क के लदे हुए पाए गए हैं।
यह अवैध रूप से ले जाए जा रहे थे। पकड़ी गई देवदार की लकड़ी का बाजार मूल्य 184986 रुपये आंका गया है। उन्होंने बताया कि चालक समेत अन्य दूसरे तस्कर की धरपकड़ करनी शुरू कर दी है। वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि अवैध रूप से वनों की तस्करी होने नहीं दी जाएगी। उन्होंने बताया कि गाड़ी उनके कब्जे में है। पुलिस की सहायता लेकर तस्करी से जुड़े वक्तियों को जल्द सलाखों के पीछे धकेला जाएगा।