मनाली (कुल्लू)। विश्वविख्यात पर्यटन नगरी मनाली में 18 मील केे पास नेशनल हाईवे-21 पर देर रात एक बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। जिससे सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान पीछे से आ रही एक अन्य बाइक में युवक के दोस्तों ने उसे मनाली अस्पताल पहुंचाया लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक कुल्लू-मनाली एनएच-21 पर मनाली से करीब दस किलोमीटर पहले बिंदू ढांक से होकर गुजर रही सड़क पर एक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। परिणामस्वरूप बाइक चला रहा युवक बाइक से छिटक कर दूर जा गिरा। हादसा देर रात करीब ग्यारह बजे पेश आया। घायल के सिर में गंभीर चोट लगने से खून बहने लगा। इतने में उसके दोस्त उसे गंभीर रूप से घायल अवस्था में किसी तरह से उठाकर मनाली सिविल अस्पताल ले गए। लेकिन सिर पर गंभीर चोटें आने से युवक के सिर से भारी खून बह गया। लिहाजा, युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक घटनास्थल से चंद किलोमीटर दूर डोभा गांव में किसी शादी समारोह से वापस लौट रहा था। युवक की शिनाख्त छयाल गांव निवासी 26 वर्षीय सुशील ठाकुर के रूप में हुई है। जांच अधिकारी पुने राम ने बताया कि पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 279 तथा 304ए के तहत केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। अभी तक हादसे के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस बाइक की मेकेनिकल जांच भी करवा रही है जिससे हादसे के कारणों तक पहुंचा जा सके। वहीं, मनाली के डीएसपी पुनीत रघु ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद इसे परिजनों के हवाले कर दिया गया है। वहीं, सड़क हादसे में हुई युवक की दर्दनाक मौत से छयाल गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।