अमर उजाला ब्यूरो
बंजार (कुल्लू)। उपमंडल बंजार के अंतर्गत सिधवां के पास दमोठी नर्सरी में तीर्थन नदी के किनारे एक व्यक्ति का शव मिला है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को सिधवां के पास दमोठी नर्सरी में तीर्थन नदी किनारे शव पड़ा हुआ था। इसकी सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। व्यक्ति का शव 35 से 40 साल के बीच का लग रहा है। थाना प्रभारी नरेश शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। कहा कि पुलिस शव की पहचान करने में जुटी है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर ही जांच आगे बढ़ाई जाएगी।