उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में उदयपुर-किलाड़ मार्ग पर भीमबाग के समीप बुधवार शाम को एक बाइक 120 मीटर नीचे जा लुढ़की। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। चंबा जिला के पांगी के दोनों युवक स्वास्थ्य विभाग में बतौर क्लर्क तैनात थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शवों को कब्जे में ले लिया गया है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक लाहौल के त्रिलोकनाथ में भगवान त्रिलोकीनाथ के दर्शनों को आ रहे थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चंबा जिला के पांगी घाटी के चास्क निवासी श्याम उम्र 30 साल, धनाला निवासी देशराज 24 बुधवार शाम को उदयपुर की ओर आ रहे थे। इस दौरान बाइक सड़क से करीब 120 मीटर नीचे जा गिरी। रात का अंधेरा होने के कारण की जानकारी रात को नहीं मिल पाई। लोगों ने वीरवार सुबह पुलिस को दूरभाष पर घटना की जानकारी दी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस का एक दल मौके पर रवाना हुआ। पुलिस व रेसक्यू टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर शवों को अपने कब्जे में लिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। घटना के बाद मृतकों के परिजन सदमे में है। स्थानीय लोगों के अनुसार दिन के समय हादसा होता को युवकों को बचाया भी जा सकता था। उधर, डीएसपी केलांग संजय शर्मा ने कहा कि आईपीसी की धारा 279, 304ए के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते जांच कर रही है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।