अमर उजाला ब्यूरो
जरी (कुल्लू)। धार्मिक नगरी मणिकर्ण घाटी के छिंजरा में एक ट्रक ने स्कूटी का जोरदार टक्कर मारी, जिससे दो युवक घायल हो गए हैं। इसमें एक की हालत गंभीर है। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बुधवार को भुंतर से मणिकर्ण की तरफ जा रही एक स्कूटी जब छिंजरा के पास पहुंची तो यहां तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। इसमें स्कूटी सवार दोनों युवक सड़क पर गिर गए और स्थानीय लोगों ने उपचार के लिए जरी अस्पताल पहुंचाया। यहां उनका प्राथमिक उपचार किया। घायलों की पहचान विपिन (28) पुत्र होशियार सिंह निवासी गांव दडियाना, घुमारवीं जिला बिलासपुर और भूपेंद्र सिंह (17) पुत्र प्रकाश चंद निवासी गुजरेहड़ा डाकघर घंडीर झंडूता, बिलासपुर के रूप में हुई है। इनमें से विपिन गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे कुल्लू अस्पताल रेफर किया गया। भूपेंद्र को हल्की चोट आई है। एएसपी कुल्लू राज कुमार चंदेल ने मामले की पुष्टि की। कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। घायल को कुल्लू अस्पताल में इलाज चल रहा है।