दो सड़क हादसों में छात्र और
युवती की मौत, तीन घायल
बंजार के थाटीवीड़ में स्कूल वैन पलटी, मासूम की मौत
रामशीला में ट्रक से टकराई कार, युवती की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू/बंजार। जिला कुल्लू में हुए दो सड़क हादसों में एक पांच साल के छात्र और एक युवती की मौत हो गई। वहीं तीन लोग घायल हो गए। जिनका उपचार क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में चल रहा है। पुलिस ने दोनों मामलो में केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस हादसों के सही कारणों का पता लगा रही है।
पहला हादसा जिला मुख्यालय के साथ लगते रामशीला में हुआ जहां एक कार गैमन पुल में खड़े एक ट्रक से जा टकराई। जिसमें कार सवार एक 16 वर्षीय युवती की मौत हो गई। जबकि तीन अन्य घायल हो गए। जिसमें दो युवक और एक युवती शामिल है। हादसा रविवार रात करीब पौने एक बजे हुआ जब कुल्लू-मनाली वामतट स्थित छरूडू के पास चंदन नामक युवक का जन्मदिन बनाने के बाद ये युवक व युवतियां कार में सवार होकर कुल्लू की तरफ आ रहे थे। तभी रामशिला स्थित गैमन पुल के पास उनकी कार एक ट्रक से जा टकराई। जिसमें 16 वर्षीय अनुष्का निवासी चौकी डोभी की मौत हो गई। जबकि 20 वर्षीय अंजू निवासी तेगूबेहड़, 26 वर्षीय कर्ण भारद्वाज वाहन चालक तथा 22 वर्षीय चंदन निवासी झीड़ी घायल हो गए। इसमें अंजू तथा कर्ण का उपचार क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में चल रहा है। दूसरे मामले में उपमंडल बंजार के थाटीबीड़ स्थित नालावन के पास एक स्कूल वैन के पलटने से एक मासूम बच्चे की मौत हो गई। वाहन चालक मृतक बच्चे के पिता घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार हादसा सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुआ जब स्कूल वैन चालक युधिष्ठिर पुत्र झाबे राम गांव नालावन अपने पांच साल के बेटे सुनील को वैन में बैठाकर बंजार की ओर आ रहा था। थोड़ी ही दूरी पर वैन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलट गई। हादसे के बाद जब गांव के लोग मौके पर पहुंचे तो वैन में सवार पांच साल के सुनील की मौत हो गई थी। वहीं पिता को उपचार के लिए बंजार अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने दोनों हादसों का केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। जबकि मृतक बच्चे और युवती के शवों को पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिए है। एएसपी कुल्लू एनएस नेगी ने कहा कि पुलिस ने सड़क हादसों लेकर केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।