अमर उजाला ब्यूरो
बंजार (कुल्लू)। उपमंडल बंजार में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। बंजार के जिभी में चल रही एक कैंपिंग साइट में शातिर ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। कैपिंग साइट से शातिर ने करीब 70 हजार रुपये का सामान चुराया। चोरी की यह वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की छानबीन में जुट गई है। आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। चोरी की इस वारदात का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक शख्स साफ तौर पर कैंपिंग साइट में चोरी करता नजर आ रहा है। मिली जानकारी के अनुसार जिभी में चल रहे एक कैपिंग साइट में रात के अंधेरे में एक शातिर घुस आया। उसने पर्यटकों के टेंट का सामान, हेड फोन, मेडिकेटिड जूते आदि चुरा लिए। इससे पहले कि वह और सामान पर हाथ साफ करता तभी स्टाफ ने शोर मचा कर उसे पकड़ने की कोशिश की। लेकिन शातिर पकड़ में नहीं आया। चोरी की इस वारदात के बाद कैपिंग साइट संचालक सहमे हुए हैं। उन्होंने पुलिस से शातिर को दबोचने की मांग की है। जिभी वैली टूरिज्म एसोसिएशन के प्रधान बीएस राणा ने कहा कि पर्यटक हिमाचल की शांत वादियों में घूमने के आते हैं। लेकिन कुछ असामाजिक तत्व इस तरह की हरकतें कर घाटी को बदनाम करने में लगे हैं। उन्होंने मांग की कि पुलिस पर्यटन सीजन के चलते रात के समय गश्त करें, जिससे संदिग्धों पर नजर रखी जा सके। अन्यथा पर्यटन कारोबारियों को अपना कारोबार करना मुश्किल हो जाएगा। उधर, इस संबंध में थाना प्रभारी नरेश शर्मा ने कहा कि मामला दर्ज करनके बाद पुलिस छानबीन में जुट गई है।