किसान से दिनदहाड़े एक लाख रुपये की लूट
स्वार (रामपुर)।
वृद्ध मां के साथ बैंक से एक लाख तीन हजार रुपये की रकम लेकर घर जा रहे किसान से दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाश रकम लूट कर भाग गए। घटना की सूचना जैसे ही पुलिस को लगी तो पुलिस में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंच गए और लूट का शिकार हुए किसान से घटना के बारे में जानकारी कर कोतवाल को शीघ्र घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए।
तहसील क्षेत्र के नानकार रानी गांव निवासी किसान फजले अहमद अपनी वृद्ध मां फरीदन और बेटी गुलशाना को साथ लेकर मंगलवार को नगर स्थित बैंक आफ बड़ौदा से अपनी मां के खाते से एक लाख तीन हजार रुपये निकाल कर घर जा रहा था। जैसे ही वह बैंक से कुछ दूरी पर पहुंचा तभी पीछे से बाइक पर सवार दो बदमाशों ने किसान के हाथ में मौजूद रुपयों से भरा थैला लूट लिया और फिर रामपुर की ओर भाग गए। वृद्ध महिला और बेटी के रोने बिलखने पर लोगों की भारी भीड़ लग गई। दिनदहाड़े हुई लूट की घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। वह मौके पर पहुंच गई। कोतवाल सतीश कुमार ने पीड़ित किसान से जानकारी कर बदमाशों की तलाशी शुरू कराई लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नही लग सका। लूट की घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक डा. विपिन ताड़ा भी मौके पर पहुंच गए और घटना स्थल का जायजा लेकर पीड़ित किसान से जानकारी की । बैंक शाखा प्रबंधक से भी खाते से निकाली गई रकम के बारे में पूछताछ की। पुलिस अधीक्षक ने दिनदहाड़े हुई इस लूट की घटना का जल्द पर्दाफाश करने के निर्देश दिए। पुलिस ने पीड़ित किसान की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।