शिक्षा खंड कुल्लू के अंतर्गत आने वाले प्राइमरी स्कूल छुआरा में एक जेबीटी शिक्षक की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। शिक्षक प्राइमरी स्कूल छुआरा में बतौर जेबीटी सेवाएं दे रहा था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्राइमरी स्कूल में मित्रभूषण शर्मा (46), पुत्र रोहिणी प्रसाद निवासी गांव जल्लुग्रां, तहसील व जिला कुल्लू रोजाना की तरह सुबह स्कूल पहुंचा। स्कूल में करीब 11 बजे उसको सीने में दर्द हुआ। अचानक उसकी तबीयत खराब हुई। इसके बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे क्वार्टर लाया गया। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। हालांकि जब शिक्षक की तबीयत बिगड़ी तो उससे पहले ही उसकी पत्नी भी उसके लिए दवाइयां लाने के लिए कुल्लू आई हुई थी।
इससे पहले कि वह उसके लिए दवाइयां लेकर कुल्लू पहुंच पाती, तब तक शिक्षक दम तोड़ चुका था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया। हादसे के बाद मृतक शिक्षक के परिजन सदमे में है। पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री ने मामले की पुष्टि की। कहा कि प्राइमरी स्कूल में एक शिक्षक की दिल का दौरा पड़ने से मौत हुई है। उन्होंने कहा कि शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मामला दर्जकर कार्रवाई की जा रही है।