कुल्लू। जिला कुल्लू की पार्वती घाटी के चौंग सड़क पर जीप दुर्घटना में पति-पत्नी की मौत से गांव सारनी शोक में डूब गया है। बुधवार को कुल्लू अस्पताल से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपे गए। दोपहर बाद गांव पहुंचने पर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू की गई। पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही मृतक पति व पत्नी के शव गांव पहुंचे तो बेटा-बेटी के साथ बूढ़ी मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जवान बेटे व बहू के शवों को देखकर बुजुर्ग मां बेसुध हो गई। रिश्तेदारों की भी आंखें नम हो गईं। शवों को श्मशानघाट पहुंचाया गया, जहां एक ही चिता पर दोनों का अंतिम संस्कार किया गया। बेटे ने मुखाग्नि दी। पुलिस अधीक्षक कुल्लू गुरदेव शर्मा ने कहा कि सड़क हादसे में मृतक लुदर चंद व उनकी पत्नी द्रोपती देवी के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। दोनों शव परिजनों को सौंपे दिए गए।