पतलीकूहल/नग्गर (कुल्लू)। मनाली उपमंडल के हिरणी गांव में बुधवार दोपहर एक संयुक्त गोशाला में अचानक आग लग गई। आग से गोशाला और उसमें रखा घास जलकर राख हो गया। राजस्व विभाग के प्रारंभिक आकलन के अनुसार, घटना में करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। राहत की बात यह रही कि गोशाला में बंधे मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
दमकल विभाग के अनुसार, हिरणी गांव में करम चंद और मित्र देव पुत्र अनंतराम की संयुक्त गोशाला में दोपहर करीब 2:40 बजे आग लग गई। गोशाला से आग की लपटें उठतीं देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग के चौकी प्रभारी राज कुमार ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। संवाद