केलांग में बर्फ से ढकी एचआरटीसी की बसें।-संवाद
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। बर्फबारी के चलते एचआरटीसी की सभी लोकल रूटों के साथ अटल टनल रोहतांग के रास्ते बस सेवाएं बंद हो गई हैं। हालांकि मंगलवार सुबह निगम प्रबंधन ने 10:30 बजे केलांग से उदयपुर के लिए एक बस भेजी। वहीं एक बस को सुबह 7:18 बजे कुल्लू से केलांग के लिए भेजा गया। मगर मौसम के मिजाज को देखते हुए निगम ने सभी रूटों पर बसों का संचालन रोक दिया।
घाटी में रविवार शाम से बर्फबारी का दौर जारी है। सोमवार को दोपहर बाद तक निगम ने लाहौल की मुख्य सड़कों के साथ अटल टनल रोहतांग के रास्ते लोगों को बस सेवाएं दीं लेकिन बाद में तमाम रूटों पर बर्फबारी के चलते बस सेवाएं ठप हो गईं। ऐसे में जरुरतमंद लोगों की आवाजाही फोर वाई फोर वाहनों में हो रही हैं। बर्फबारी से सेब उत्पादकों की चिंता बढ़ रही है।
लाहौल घाटी में भारी बर्फबारी के चलते बसों के बंद होने से बाहरी मजदूरों का आवाजाही बंद हो गई है। निगम प्रबंधन का कहना है कि अब बसों का संचालन लाहौल के साथ अटल टनल रोहतांग के रास्ते मौसम की स्थिति पर निर्भर करेगा। मौसम ठीक होने व सड़क बस संचालन के लिए उपयुक्त होते ही आवाजाही शुरू होगी।
इधर, घाटी में जारी बर्फबारी से बागवानों की नींद उड़ गई है। बगीचे सेब से लकदक हैं और तुड़ान को लेकर तैयार हैं। ऐसे में सेब से लदे पेड़ों को बचाने के लिए बागवान डंडों का सहारा लेकर पेड़ों से बर्फ झाड़ने को विवश हैं।
एचआरटीसी केलांग डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक अंचित शर्मा ने बताया कि मंगलवार सुबह सड़क की हालात देख केलांग-उदयपुर और कुल्लू से केलांग तक दो बसों को भेजा गया। उसके बाद लगातार बर्फबारी से सभी रूटाें को बंद करना पड़ा है। घाटी में 134 सड़कों में से कई सड़कें बसों के लिए बंद हो गई हैं।