बंजार (कुल्लू)। उपमंडल बंजार के जमद गांव के लिए करीब 15 माह बाद एचआरटीसी की बस सेवा बहाल हो गई है। बस के गांव पहुंचने पर लोगों में खुशी की लहर है। बस सेवा शुरू होने से लोगों को छोटे वाहनों में महंगा किराया देकर सफर करने से राहत मिली है। अब बस नियमित रूप से शाम को बंजार से जमद के लिए रवाना होगी और अगले दिन सुबह आठ बजे जमद से बंजार के लिए चलेगी।
पिछले साल भारी बारिश के कारण घर्टगाड़ से पलाहच तक कई स्थानों पर सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। सड़क को बहाल करने में लोक निर्माण विभाग को करीब एक साल का समय लगा। सड़क दुरुस्त होने के बाद निगम ने भी लोगों की परेशानी को देखते हुए बस सेवा बहाल कर दी है। बस सेवा बंद रहने के दौरान करीब 15 माह तक क्षेत्र के लोगों, स्कूली-कॉलेज विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को आवाजाही में परेशानी झेलनी पड़ी।
पलाहच पंचायत के पूर्व प्रधान कृष्ण देव, खूब राम कुल्वी, शेर सिंह, हेमराज और राकेश ने कहा कि सड़क बंद होने के कारण लोगों को पैदल या टैक्सियों के सहारे आवाजाही करनी पड़ती थी। फल और सब्जियों को पीठ पर उठाकर मंडी तक पहुंचाना पड़ता था। बस सेवा बहाल होने से पलाहच, जमद और कलवारी पंचायतों के लोगों ने राहत की सांस ली है। एचआरटीसी बंजार के अड्डा प्रभारी दीप चंद ने बताया कि बंजार से गलवाहधार के लिए चलने वाली बस सेवा पिछले साल से बंद थी। सड़क बहाल होने के बाद अब बस को जमद तक शुरू कर दिया गया है।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता राजेश शर्मा ने बताया कि सिधवां-घर्टगाड़-गलवाहधार सड़क को जमद तक वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल कर दिया गया है। बंजार से जमद तक बस और बड़े वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई है। गलवाहधार तक सड़क को जल्द दुरुस्त किया जाएगा। संवाद