कुल्लू-आनी मार्ग पर खनेर गांव के समीप जमीन धसी एचआरटीसी की बस।-संवाद
कुल्लू। जलोड़ी दर्रा और शुश होकर चलने वाली कुल्लू-आनी वाया शुश एचआरटीसी बस खनेर गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बच गई। बस का अगला टायर अचानक सड़क से बाहर निकल गया और बस में सवार यात्रियों में अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कि हादसे में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई। जानकारी के अनुसार सोमवार शाम करीब 4 बजे के आसपास बस खनेर गांव के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान बस का अगला टायर सड़क से बाहर निकला तो चालक ने बस को रोक दिया। स्थिति को देखते हुए बस में सवार छह से आठ सवारियां बाहर निकलीं। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण भी मौके पर एकत्रित हो गए।
बाद में बस को सड़क पर निकालने के लिए जेसीबी मशीन बुलाई गई। काफी प्रयास करने के बाद सफलता नहीं मिली। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी दिवान सिंह ने कहा कि बस के फंसने से सवारियां छोटी गाड़ियों में अपने गंतव्य के लिए निकल गई थीं। एचआरटीसी कुल्लू के उपमंडलीय प्रबंधक डीके नारंग ने कहा कि कुल्लू से आनी वाया शुश बस का अगला टायर खनेर गांव के पास सड़क से बाहर निकलने से बस फंस गई है। बस निकालने का प्रयास किए जा रहे हैं।