मनाली (कुल्लू)। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को लेकर प्रीणी और नसोगी पंचायत गंभीर हो गई है। ऊझी घाटी की नग्गर पंचायत ने इस संदर्भ में पहले ही इस तरह का प्रस्ताव पारित किया है। वहीं प्रशासन की सख्ती के बाद अब पंचायत प्रधानों ने भी अपने स्तर पर सख्ती बरतना शुरू कर दी है।
पंचायतों ने प्रस्ताव पारित कर ग्रामीणों को शादी और अन्य कार्यक्रम की जानकारी पंचायत को देना जरूरी कर दिया है। पंचायत प्रीणी के प्रधान शिव दयाल ठाकुर और नसोगी प्रधान शिव राम ठाकुर ने बताया कि पंचायतों ने प्रस्ताव पारित कर शादी-विवाह और किसी भी कार्यक्रम को आयोजित करने से पहले पंचायत को बताना अनिवार्य कर दिया है।
उन्होंने बताया कि पंचायत में आने वाले सभी लोगों को मास्क पहनना जरूरी है। यदि कोई व्यक्ति बिना मास्क के घूमते हुए पाया गया तो उन्हें सरकारी नियमों के तहत जुर्माना भी लगाया जाएगा। पंचायत प्रधानों ने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वो दो गज दूरी और मास्क जरूरी का पालन करें। उन्होंने कहा कि इस महामारी से बचने को स्वास्थ्य विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करें।