कुल्लू। पीजीआई चंडीगढ़ में कोरोना पॉजिटिव आए जिला मुख्यालय कुल्लू के गांधीनगर के व्यक्ति के बाद प्रशासन अलर्ट हो गया है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर नगर परिषद कुल्लू के वार्ड नंबर-11 के कुछ हिस्से को कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। एक्सिस बैंक से लेकर लक्ष्मी क्लीनिक तक लेफ्ट साइड कंटेनमेंट जोन रहेगा। हालांकि मुख्य सड़क पर दुकानें खोली जा सकती हैं। वार्ड नंबर-11 का अन्य क्षेत्र बफर जोन घोषित किया गया है।
उपायुक्त डॉ. ऋचा वर्मा ने कहा कि कंटेनमेंट जोन में एक्टिव केस फाइडिंग कैंपेन चलाया जाएगा। इस दौरान पता लगाया जाएगा कि किसी में कोरोना का लक्षण को तो नहीं है। हालांकि कोरोना संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने वाले प्राइमरी संपर्क के लोगों को पहले ही ट्रेस किया जा चुका है। 14 दिनों तक यहां पर पाबंदियां जारी रहेंगी। हालांकि जरूरी सामान के लिए प्रशासन की ओर से किराना, फल सब्जियां सप्लाई करने वालों के नंबर जारी किए गए हैं। जो कंटेनमेंट जोन में जरूरी सामान का वितरण करेंगे। उन्होंने कहा कि बार्बर को दिशा निर्देश दिए गए हैं। शेविंग, थ्रेडिंग पर पाबंदी फिलहाल जारी रहेगी। सेब सीजन को देखते हुए प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए एसओपी जारी किया गया है। बाहर से आने वाले व्यापारियों व मजदूरों को आईसोलेट रहना होगा। सब्जी मंडी में जाम में न लगे, इसलिए मंडी में वाहनों को सिर्फ लोडिंग व अनलोडिंग की अनुमति ही होगी। ट्रैफिक के लिए होमगार्ड व पुलिस जवान भी तैैनात किए जाएंगे। भुुंतर में कोरोना का नया कोई भी मामला नहीं आया है। ऐसे में शुक्रवार से यहां पर छूट दी जाएगी।